लखनऊ, 25 अक्टूबर। (उप्रससे)। पंचायत चुनाव में डयूटी पर कांशीराम नगर से सुल्तानपुर आये एक हेडकांस्टेबिल की हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई। जबकि देवरिया में मतदान करने के लिए लाइन में लगे एक व्यक्ति को हार्ट अटैक हुआ और कुछ देर बाद उनकी भी अस्पताल में मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार कांशीराम नगर से हेडकांस्टेबिल कृष्ण स्वरूप डयूटी पर सुल्तानपुर आये थे। उनकी डयूटी ब्लाक अखण्डनगर क ी प्राइमरी पाठशाला बेहरामारी पर लगी थी। कल रात उनके सीने में तेज दर्द हुआ तथा घबराहट होने लगी। तत्काल उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अखण्डनगर पर लाया गया जहां से जिला चिकित्सालय पर रिफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वे इस समय कांशीरामगनर के थाना सोरों पर तैनात थे तथा मैनपुरी के थाना कुरावली के ग्राम देवरई के मूल निवासी थे।
देवरिया के थाना मईचा अन्तर्गत ग्राम सुगरौली पर आज मतदान के दौरान एक मतदाता को हार्ट अटैक हो गया। यहां भागीरथी तिवारी (67 वर्ष) मतदान के लिए लाइन में लगे थे। करीब साढ़े दस बजे उन्हें हार्ट अटैक हुआ तथा बेहोश होकर गिर गए। तत्काल उन्हें चिकित्सालय भेजा गया। जहां उनकी मृत्यु हो गई।

No comments:
Post a Comment