लखनऊ, 25 अक्टूबर (उप्रससे)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चौथे और आखिरी चरण में आज 72 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम पांच बजे तक 70.54 प्रतिशत मतदान होने की सूचना मिली थी। आज के मतदान में कई जनपदों में हिंसा, फायरिंग, पथराव, तोडफोड की घटनाएं हुईं। विभिन्न मतदान केन्द्रों पर आज कुल 12 घटनाएं हुईं इनमें पांच लोग घायल हुए हैं। जबकि एक विधायक, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक और सात प्रत्यशियों समेत 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। रायबरेली के एक मतदान केन्द्र पर हुए उपद्रव में एक दरोगा की सर्विस रिवाल्वर लूट ली गई है। यहीं पुलिस ने फायरिंग की जिससे दो लोग घायल हो गए। प्रदेश के 11 जिलों में चुनाव से सम्बिन्धत घटनाएं हुई हैं।
चौथे चरण में प्रदेश के 186 विकास खण्डों में मतदान हुआ। चौथे चरण में ग्राम पंचायत के प्रधान के लिए 12154, क्षेत्र पंचायत वार्ड (बीडीसी) के लिए 14716, जिला पंचायत सदस्य के लिए के लिए 584 तथा ग्राम पंचायत वार्ड के लिए 152219 के पदों के लिए मतदान हुआ। इस चरण में मतदान के लिए 17063 मतदान केन्द्र तथा 41771 मतदेय स्थल बनाये गए थे। मतदान के दौरान आज रायवरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के कुन्दनगंज गांव में ग्रामीणों और पुलिस में संघर्ष हो गया। यहां मतदान केन्द्र पर विवाद होने के बाद दो ढाई सौ लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई थी। मोबाइल पार्टी के पहुंचने पर भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। सूचना पर दूसरी मोबाइल पार्टी भी पहुंची तो पुलिस ने भीड़ पर लाठी चार्ज किया। इसी दौरान भीड़ में किसी ने दरोगा की रिवाल्वर छीन ली। पुलिस द्वारा की गई फायरिंग से एक महिला और एक युवक घायल हो गया।
बहराइच के थाना शेखपुर अन्तर्गत विश्वेश्वरैयागंज में एक सेवानिवृत्त उपाधीक्षक नन्हें सिंह को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया गया। यहां उनकी भाभी चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने मतदान केन्द्र पर आकर विवाद किया। इस पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बुलन्दशहर के परवाना गांव में एक फौजी और पुलिस के बीच विवाद होने पर काफी देरतक हंगामा होता रहा। फौजी अपनी पत्नी के साथ मतदान करने आया था। वहां तैनात पुलिसकर्मियों के साथ उसका विवाद हो गया। जनपद संककबीर नगर में सपा के विधायक राजेन्द्र सिंह उर्फ पहलवान सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वे गोरखपुर के धुरियापार से विधायक हैं। उनके भाई रूद्रप्रताप सिंह धनघटा ब्लाक में बीडीसी सदस्य के प्रत्याशी है। मतदान को लेकर उनका विरोधी पक्ष से विवाद हो गया था। उनके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करायी गई थी। इस पर आज विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया।
निर्वाचन आयोग के संयुक्त आयुक्त जे.पी.सिंह ने बताया कि गौतमबुध्दनगर के थाना बादलपुर अन्तर्गत ग्राम कछैडा में एक वृध्दा के मतदान को लेकर विवाद हो गया। इसी पर एक प्रत्याशी सुशील नगार के भाई यशपाल ने रिवाल्वर से फायर कर दिया। इस पर ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया तथा उनकी जमकर पिटाई की। इस मतदान केन्द्र पर पुलिस ने सात प्रत्यशियों को हिरासत में ले लिया है। गाजियाबाद के थाना साहिबाबाद अन्तर्गत ग्राम फरूखनगर में बूथ कैप्चरिंग के प्रयास में प्रधान प्रत्याशी श्रीमती धनेश के पति शिवकुमार ने फायर कर दिया। इस पर उन्हेंं गिरफ्तार कर लिया गया। सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र के ग्राम लखनौटी में मतदान केन्द्र पर पथराव और फायरिंग की घटना हुई।
उन्होंने बताया कि आज के मतदान का प्रतिशत भी सामान्य है। आज 11 बजे तक 28.32, 3 बजे तक 60.85 तथा 6 बजे तक 70.54 प्रतिशत मतदान हो चुका था। उन्होंने बताया कि मतदान का प्रतिशत 72 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था ब्रजलाल ने बताया कि चौथा चरण पहले के तीनों चरणों की अपेक्षाकृत काफी शांति पूर्ण रहा है। उन्होेंने बताया कि कुछ स्थानों पर छिटपुट घटनाएं हुई हैं। उन्होंने बताया कि आज मतदान से सम्बन्धित घटनाएं प्रदेश के 11 जनपदों में हुईं।
Monday, October 25, 2010
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment